Last Updated: Wednesday, August 22, 2012, 13:25
नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हैं। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में बारिश की सम्भावना जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि आसमान में बादल छाए रहेंगे और दिन में बारिश की सम्भावना है। शहर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम 5.30 बजे से बुधवार सुबह 8.30 बजे तक शहर में 28.8 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। सुबह वातावरण में 86 प्रतिशत आर्द्रता मापी गई।
गौरतलब है कि मंगलवार को हुई भारी बारिश के कारण अधिकतम तापमान घटकर सामान्य से चार डिग्री कम 29.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
विभाग के अनुसार इस मानसून में दिल्ली में कुल 272.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। दिल्ली में मानसून के 20 सितम्बर तक बने रहने की उम्मीद है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 22, 2012, 13:25