Last Updated: Tuesday, June 18, 2013, 14:34

नई दिल्ली : दिल्ली में उज्बेकिस्तान की दो लड़कियों से सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। दोनों पर्यटक वीजा पर भारत आई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों लड़कियां पहाड़गंज के एक होटल में ठहरी हुई थीं। यहीं पर उनकी उज्बेकिस्तान की एक महिला से मुलाकात हुई।
महिला वसंत कुंज के डी ब्लॉक में एक फ्लैट में रहती है। एक ही देश की होने के कारण दोनों लड़कियों को उस महिला पर भरोसा हो गया। जनवरी के आखिरी सप्ताह में महिला दोनों को अपने फ्लैट पर रहने के लिए ले गई।
दोनों को जब पता चला कि महिला सेक्स रैकेट चलाती है तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाई।
महिला ने दोनों को बंधक बना लिया और उन पर जिस्मफरोशी के लिए दबाव डाला जब उन्होंने इनकार कर दिया तो उनकी पिटाई की गई। बंधक बनाई गई लड़कियों से कई दिन तक बलात्कार होता रहा।
इस दौरान एक लड़की गर्भवती भी हो गई। रविवार की रात मौका पाकर दोनों महिला के चंगुल से भाग गई और लाजपत नगर पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवाया,जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई। पुलिस ने सामूहिक बलात्कार और मानव तस्करी रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 18, 2013, 14:34