Last Updated: Thursday, July 26, 2012, 10:33
नई दिल्ली: दिल्ली में आज सुबह बूंदा-बांदी हुई, जिस वजह से गर्मी से राहत महसूस की गई। राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन के समय बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आसमान पर आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दिन में कई बार बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने की सम्भावना है।
दिन में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन वातावरण में उमस बनी रहेगी। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 85 प्रतिशत आर्द्रता मापी गई।
आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अब तक कुल 88.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 62 प्रतिशत कम है। दिल्ली में मानसून 20 सितम्बर तक बने रहने की सम्भावना है।
बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: सामान्य से एक डिग्री अधिक 35 डिग्री सेल्सियस और 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 26, 2012, 10:33