Last Updated: Monday, July 22, 2013, 13:59
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को सोमवार को बारिश ने भिगो दिया। इससे जहां मौसम सुहाना हो गया वहीं दफ्तर जाने वालों के लिए यातायात की समस्या खड़ी हो गई। एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के सभी हिस्सों में यातायात जाम की स्थिति हो गई है। उन्होंने कहा कि अक्सर सोमवार के दिन सड़कों पर ज्यादा वाहन होते हैं।
दक्षिण दिल्ली के राकेश गुप्ता ने कहा कि मैं रिंग रोड पर फंस गया। मैं समझ नहीं पाता कि बारिश शुरू होते ही सड़कें जाम क्यों हो जाती हैं। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर में शालिनी गुप्ता ने कहा कि शनिवार को मेरे घर में पानी भर गया था। यदि सोमवार को भी ऐसा हुआ तो बहुत परेशानी होगी। यात्रियों को भी बसों की आवृति कम हो जाने की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दक्षिण दिल्ली के मस्जिद मोठ इलाके की रीना खन्ना ने कहा कि मैं यहां एक घंटे से खड़ी हूं लेकिन बस नहीं मिली। मुझे लगता है कि अब घर वापस जाना होगा। पैदल चलने वाले और दुपहिया वाहनों वाले भी बारिश से बचने के लिए सड़कों व मेट्रो ओवर-ब्रिजों के नीचे खड़े दिखाई दिए। इस वजह से भी ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। दो दिन पहले ही शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में 123 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जो बीते 10 सालों में सबसे ज्यादा थी।
सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 87 प्रतिशत आद्र्रता दर्ज की गई। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 22, 2013, 13:59