दिल्ली में लगातार बारिश से यातायात प्रभावित -Traffic affected by incessant rains in Delhi

दिल्ली में लगातार बारिश से यातायात प्रभावित

दिल्ली में लगातार बारिश से यातायात प्रभावित  नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून ने रविवार को दस्तक दे दी। सोमवार को रुक-रुक कर हो रही बारिश जारी है। शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

शहर में जल निकास की समस्या के कारण मुख्य सड़कों पर पानी भर गया है। सड़कें जाम होने की वजह से यात्रियों को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक सिग्नल के बंद होने और सड़कों के नालों में बदलने के कारण यातायात मंद पड़ गया है।

दक्षिणी दिल्ली के सुब्रतो पार्क एवं पंचशील पार्क, उत्तरी दिल्ली के आनन्द पर्बत और आउटर रिंग रोड पर यातायात रुका हुआ है। दिल्ली से नोएडा और गुड़गांव जाने वाले यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात जाम होने से लोग रास्ते में ही फंस गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक रविवार रात 8.30 बजे से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक शहर में 58.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 81 प्रतिशत आर्द्र्ता दर्ज की गई।

लगातार बारिश के कारण रविवार को इंदिरा गांधी हवाईअड्डे पर भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। बीते एक जून को केरल पहुंचा मानसून दो सप्ताह के अन्दर ही तेजी से देश के दक्षिण, पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में छा गया।

दिल्ली में मानसून ने निर्धारित समय से दो सप्ताह पहले ही रविवार को दस्तक दे दी। रविवार का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान चार डिग्री कम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 17, 2013, 14:24

comments powered by Disqus