Last Updated: Saturday, June 2, 2012, 14:29
नई दिल्ली : दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के निर्दलीय विधायक भरत सिंह (35 वर्ष) को शनिवार सुबह उनके सारंगपुर गांव स्थित कार्यालय में तीन-चार हमलावरों ने गोली मार दी। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने विधायक पर हमले के आरोपियों की पहचान का दावा किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार ओझा ने बताया कि नजफगढ़ के विधायक को सुबह 8.30 बजे गोली मारी गई और इस हमले में उनके चाचा धर्मपाल भी घायल हो गए। सिंह के कंधे एवं पेट में गोली लगी।
उन्हें जनकपुरी स्थित माता चनन देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका ऑपरेशन किया गया। सिंह के भाई किशन पहलवान दिल्ली नगर निगम के पार्षद हैं। किशन पहलवान पर कई आपराधिक मामले चल रहे हैं।
ओझा ने कहा कि तीन से चार हमलावर कार्यालय में घुसे और अंधाधुंध फायरिंग कर उन्हें घायल कर दिया। हमले के बाद वे फरार हो गए। पुलिस के अनुसार घटना की वजह आपसी रंजिश हो सकती है। इस हमले से ठीक एक दिन पहले ही दिल्ली के विधायकों ने सुरक्षा की मांग की थी।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक एवं नेता विपक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यदि एक विधायक को दिन में गोली मारी जा सकती है, तो यह बहुत ही गम्भीर स्थिति है। दिल्ली अपराध राजधानी बन गई है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 2, 2012, 14:29