दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाएं बहाल

दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनों पर सेवाएं बहाल

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह 8.45 बजे दिल्ली मेट्रो की सभी छह लाइनों पर मेट्रो सेवाएं बहाल हो गई हैं। उत्तर भारत में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से मेट्रो सेवाएं तीन घंटे तक बाधित रही थीं।

दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि सभी छह लाइनों पर सुबह 8.45 बजे मेट्रो सेवाएं बहाल हो गई हैं। हम प्राथमिकता के आधार पर भूटान से पनबिजली ले रहे हैं।" उन्होंने बताया कि दिल्ली मेट्रो आपातकालीन सेवाओं में शामिल है। इसके साथ प्रधानमंत्री आवास व अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पर बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है।

उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से हम सुबह छह से सात बजे तक मेट्रो सेवाएं नहीं दे पाए। बाद में हमने सभी लाइनों पर 25 प्रतिशत सेवाएं बहाल कीं और अब सभी मेट्रो रेलगाड़ियां सामान्य रूप से चल रही हैं।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर में बिजली आपूर्ति के मुख्य स्रोत उत्तरी ग्रिड के ठप्प हो जाने से राष्ट्रीय राजधानी में 190 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क पर सेवाएं प्रभावित रहीं। उत्तरी ग्रिड के ठप्प होने से दिल्ली के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। (एजेंसी)

First Published: Monday, July 30, 2012, 13:08

comments powered by Disqus