Last Updated: Saturday, April 20, 2013, 13:19
नई दिल्ली : राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों ने बलात्कार पीड़ित 5 वर्षीय बच्ची (गुड़िया) की हालत स्थिर बताई है। दूसरी ओर, इस घटना को लेकर दिल्ली में आज भी विरोध प्रदर्शन जारी है। एम्स में बच्ची का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बताई। लड़की को कल शाम एम्स स्थानांतरित किया गया था।
पीड़ित को न्याय दिलाने और 15 अप्रैल को लापता हुई इस लड़की को ढूंढ़ने में मदद नहीं करने वाले पुलिसकर्मियों को दंडित किए जाने की मांग को लेकर आज सुबह एम्स और पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन हुए।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती। लोगों ने पीड़िता के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए एम्स के बाहर भी प्रदर्शन किया।
लड़की से कथित तौर पर उसके एक पड़ोसी ने बलात्कार किया था और उसे बुरी तरह प्रताड़ित किया। उसने इस बच्ची को दो दिन तक बंधक और भूखा रखा। बच्ची के शरीर में विभिन्न वस्तुएं घुसाए जाने से उसे संक्रमण हो गया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कल कहा था कि वह बच्ची के साथ हुए बर्बर कृत्य से ‘‘अत्यंत दुखी’’ हैं। उन्होंने समाज से इस बुराई को उखाड़ फेंकने को कहा था।
यह घटना पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर में हुई थी। लड़की 15 अप्रैल की शाम से लापता थी। उसे 17 अप्रैल को उस इमारत के भूतल से बचाया गया था जहां उसका परिवार रह रहा था। पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के चलते आईटीओ पर यातायात जाम हो गया। इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिन्दे और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवासों पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 20, 2013, 13:19