दिल्‍ली : महिला की सरेआम गोली मारकर हत्‍या

दिल्‍ली : महिला की सरेआम गोली मारकर हत्‍या

दिल्‍ली : महिला की सरेआम गोली मारकर हत्‍या नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के एक व्यस्त इलाके में रविवार रात कथित तौर पर नशे में धुत एक शख्स ने 25 साल की एक महिला की उस वक्त हत्या कर दी जब उसने उसके बर्ताव पर ऐतराज जताया। सामूहिक बलात्कार कांड के बाद इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने कहा कि यह वारदात उस वक्त हुई जब पूजा नाम की एक महिला अंतरराज्यीय बस अड्डे और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से सटे सराय काले खां में रिंग रोड पर अपने पति मोहन प्रसाद के साथ थी। पीड़िता बाहरी दिल्ली के भजनपुरा इलाके की रहने वाली थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमलावर की पहचान बिहार के रहने वाले मुंशी यादव के तौर पर हुई है। यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने कहा कि पीड़िता और हमलावर एक दूसरे को जानते थे और यह वारदात आपसी रंजिश का नतीजा लगती है। अधिकारी ने कहा कि वह कथित तौर पर नशे में था। उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया तो महिला ने ऐतराज जताया। इससे नाराज आरोपी ने महिला पर गोली चला दी। मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। चश्मदीदों ने बताया कि राहगीरों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से 100 मीटर की दूरी पर ही एक पुलिस चौकी है। पीसीआर वैन घटना के 10 मिनट के भीतर ही मौके पर पहुंच गई। घटना रात के करीब आठ बजे हुई। राकेश कुमार नाम के एक चश्मदीद ने बताया कि उसने महिला और हमलावर को किसी मुद्दे पर बहस करते सुना था। कुमार ने बताया कि हमलावर के पास एक देसी पिस्तौल थी। उसने बताया कि हमने उसकी जेब में कुछ गोलियां देखीं। (एजेंसी)

First Published: Monday, February 25, 2013, 09:16

comments powered by Disqus