दुष्कर्म पर कड़े कानून के पक्ष में अखिलेश

दुष्कर्म पर कड़े कानून के पक्ष में अखिलेश

लखनऊ: दिल्ली में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद दुष्कर्मियों के खिलाफ कड़ा कानून बनाने के लिए देशभर में उठ रही आवाज के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) भी दुष्कर्मियों के खिलाफ जल्द कड़ा कानून बनाने के पक्ष में है। लखनऊ में आयोजित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि दिल्ली की घटना के बाद देशभर में लोगों के गुस्से को देखते हुए मैं समझता हूं कि सभी राजनीतिक दल इस पक्ष में हैं कि कड़ा कानून बने, जिससे दोषियों को कठोर सजा मिले।"

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लोकसभा का सत्र होगा, जिसमें इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा होगी कि किस रूप में कानून बने। हम इस पक्ष में हैं कि जल्द से जल्द कड़ा कानून बने।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह जुवेनाइल एक्ट में संशोधन कर किशोरों के लिए निर्धारित उम्र की सीमा 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने के पक्ष में हैं, इस पर अखिलेश ने कहा कि इस बारे में बिना संसदीय दल और पार्टी की बैठक के हम कोई फैसला नहीं ले सकते। इस बिंदु पर पार्टी जल्द फैसला लेगी।

दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के परिजनों द्वारा राज्य सरकार पर उपेक्षा के आरोपों पर अखिलेश ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि सबसे पहले 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद उत्तर प्रदेश सरकार ने की थी। आगे भी हम हरसम्भव मदद करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 4, 2013, 14:34

comments powered by Disqus