Last Updated: Thursday, November 24, 2011, 06:57
चेन्नई : सतर्कता अधिकारियों ने गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में द्रमुक के वरिष्ठ नेता दुरईमुरुगन के नौ परिसरों पर छापे मारे। दुरईमुरुगन पर आरोप है कि उन्होंने 2006 से 2009 तक लोक निर्माण कानून एवं जेल मंत्री के रूप में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निषेध अधिनियम के तहत बुधवार को एक मामला दर्ज किया गया था। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधी महानिदेशालय (डीवीएसी) द्वारा वेल्लूर कांचीपुरम और चेन्नई जिले में छापेमारी की जा रही है। कई पूर्व द्रमुक मंत्री और कार्यकर्ता जमीन कब्जाने या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामलों में जयललिता सरकार की ओर से कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
पूर्व द्रमुक मंत्री वीरापांडी एस. अरुमुगम, के.पोनमुडी, के.एन. नेहरु, एम.आर.के. पनीरसेलवम, टी.एम. अनबरासन, के.पी.पी. सामी, पूर्व विधायक बी. रंगनाथन, वर्तमान विधायक जे. अंबजगन और केंद्रीय मंत्री एम.के. अलागिरि के करीबी उन लोगों में शामिल हैं जो कार्रवाई का सामना कर चुके हैं।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, November 24, 2011, 12:28