नक्सली क्षेत्र के कर्मचारी दहशत में : जोगी-Staff at Naxal in panic: Jogi

नक्सली क्षेत्र के कर्मचारी दहशत में : जोगी

नक्सली क्षेत्र के कर्मचारी दहशत में : जोगीरायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अजीत जोगी ने रमन सरकार को प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पदस्थ शासकीय कर्मियों की मन:स्थिति एवं पीड़ा को महसूस करने की हिदायत दी है।

जोगी ने कहा कि रमन सरकार के साढ़े नौ वर्षो के दहशत के माहौल में तिल-तिल कर जी रहे नक्सली क्षेत्र के कर्मचारियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। प्रदेश में शासकीय कर्मचारी नक्सली दहशत के कारण सही तरीके से अपना फर्ज नहीं निभा पा रहे हैं। तब सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां की बेबस एवं बेकसूर जनता कितनी भयावह त्रासदी झेल रही है।

सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री एवं उच्च पदस्थ अधिकारी राजधानी से आदेश देकर चुपचाप अपने वातानुकूलित आवासों में अपने परिवार के साथ दुबके बैठे रहते हैं। वहीं शासकीय कर्मचारी एवं उनका परिवार गर्मी, ठण्ड एवं बरसात की मार झेलने मजबूर हैं। इन सबके बावजूद नक्सली हमलों का डर दिन-रात सताये रहता है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की संतानों की शादी-ब्याह के लिए शासकीय पद पर रहने के बावजूद अच्छे रिश्तों से उन्हें वंचित रहना पड़ता है। कर्मचारियों के बच्चों से बाहर के लोग शादी करने से कतराते हैं, परंतु सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेग रही है।

जोगी ने कहा कि नक्सली क्षेत्र में पदस्थ शासकीय कर्मी रमन सरकार के मंत्रियों एवं नेताओं से ट्रांसफर करवाने में पैसों एवं रसूख का अभाव उन्हें मन मारकर जीने को मजबूर कर देता है। कर्मियों को दस-पंद्रह वर्ष नक्सली क्षेत्र में सेवा करने के बावजूद उन्हें मैदानी इलाकों में ट्रांसफर नहीं किया जाता है क्योंकि अधिकांश कर्मियों के पास ट्रांसफर के लिए न तो पैसा है और न ही उनके पास किसी भाजपा नेता की सिफोरिश है। इस प्रकार उन्हें नक्सलियों के रहमोंकरम पर छोड़ दिया गया है।

जोगी ने शासकीय कर्मचारियों की नक्सल क्षेत्र में दयनीय एवं परेशान स्थिति पर दुख एवं चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रमन सरकार में शासकीय कर्मियों के प्रति जरा भी हमदर्दी है तो जो कर्मचारी नक्सल क्षेत्र में तीन वर्ष का दहशती कार्यकाल गुजार चुका है उसे तत्काल नक्सली क्षेत्र से बाहर पदस्थ करने का आदेश जारी करें।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। उस समय नक्सल क्षेत्र के सभी शासकीय कर्मी जो तीन वर्ष की सेवा कर चुका है, को एक सप्ताह के अंदर मैदानी इलाकों में ट्रांसफ र करने के लिए कांग्रेस वचनबद्ध है। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 3, 2013, 08:52

comments powered by Disqus