Last Updated: Saturday, January 19, 2013, 12:02
नोएडा : नोएडा के रेडिसन होटल में 24 वर्षीय एक महिला की उसके पति ने कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने आज बताया कि सेक्टर 18 के नजदीक बने होटल में दिल्ली निवासी आकांक्षा खोसला को कल शाम मृत पाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा कि होटल कर्मियों ने शाम साढ़े छह बजे महिला को मृत पाया। शुरू में पुलिस ने समझा कि आकांक्षा ने आत्महत्या कर ली है क्योंकि वहां से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें कहा गया था कि यह दंपति वित्तीय और पारिवारिक समस्याओं का सामना कर रहा था।
नोट में कहा गया था कि वह आत्महत्या कर रही हैं और उनके पति भी सेक्टर 25 में एक टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेंगे। जब पुलिस दल सेक्टर 25 पहुंचा तो महिला के पति का पता नहीं चला।
इस बीच महिला का पति ईशान खोसला बीती रात पुलिस स्टेशन आया और कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की है। ईशान ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2011 मे हुई थी लेकिन वे साथ नहीं रह रहे थे। पुलिस के अनुसार वह नोट ईशान का ही लिखा हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 19, 2013, 12:02