Last Updated: Saturday, June 22, 2013, 10:15
नोएडा : नोएडा के सेक्टर 44 में महामाया फ्लाईओवर के समीप कथित रूप से डकैतों ने एक महिला पर चाकू से 27 बार हमला किया। हालांकि पुलिस ने गुरुवार रात की इस घटना में महिला के पति की भूमिका पर संदेह करते हुए उसे हिरासत में लिया है।
सराफाबाद निवासी एस. यादव ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार रात अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से लौट रहे थे। उन्होंने महामाया फ्लाईओवर पार करने के बाद सेक्टर 44 के समीप अपनी कार रोकी। यादव के अनुसार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी पत्नी के साथ लूटपाट करने की कोशिश की और उन दोनों पर हमला किया। जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों बिना लूटपाट किए भाग गए।
भारती को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनपर 27 बार चाकू से वार किया गया। शुक्रवार शाम तक उसकी हालत गंभीर थी। भारती के मायके वालों ने पुलिस से कहा कि यह उसके पति द्वारा उसकी हत्या का प्रयास था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 22, 2013, 10:15