Last Updated: Sunday, January 6, 2013, 00:20
नोएडा : शुक्रवार रात से गायब कपड़े की फैक्ट्री में काम करने वाली 23 साल की महिला का शनिवार को उसके घर के समीप ही शव मिला। पुलिस को उससे बलात्कार किये जाने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता यहां के छोटपुर कॉलोनी की रहने वाली थी और वह नोएडा के सेक्टर 65 स्थित फैक्ट्री से शुक्रवार रात नौ बजे घर लौट रही थी। उसके साथ में चार अन्य महिला सहकर्मी भी थी। उसका घर सेक्टर 63 में है।
छोटपुर कॉलोनी के बाहर ही उसकी महिला साथी उससे अलग हो गईं और फिर वह आगे अपने घर की ओर मुड़ गई लेकिन वह घर नहीं पहुंची। परिवार के सदस्यों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मिली। शनिवार सुबह सेक्टर 63 के पुश्ता क्षेत्र में उसका शव मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पहले पुलिस ने कहा था कि महिला कॉल सेंटर में काम करती थी लेकिन बाद में जब शिकायत दर्ज की गई तब बताया गया कि वह सेक्टर 65 में कपड़े की फैक्ट्री में काम करती थी।
जिला अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि दो डॉक्टरों के एक पैनल ने उसका पोस्टमार्टम किया और पुलिस को सीलबंद रिपोर्ट दे दिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमने भादंसं की धारा 376 (बलात्कार), धारा 302 (हत्या) और धारा 201 (सबूत नष्ट करना) के तहत मामला दर्ज किया है।’ उन्होंने कहा कि अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष दल बनाए गए हैं। महिला के रिश्तेदारों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर छिजत्सी चौराहे पर करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जाम हटाया गया।
गौतम बुद्ध नगर के सांसद और बसपा नेता सुरिंदर सिंह नागर ने आरोप लगाया है कि लड़की से बलात्कार के बाद उसकी हत्या की गयी। उन्होंने कहा, ‘यदि पुलिस ने मामले को दबाने की कोशिश की तो मैं संसद में यह मुद्दा उठाऊंगा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि जब महिला के अभिभावक पुलिस में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाने गए तब पुलिस ने उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई होगी। उन्होंने कहा, ‘आज सुबह पुश्ता क्षेत्र से उसका शव मिला। यह दर्शाता है कि पुलिस कितना असंवदेनशील हो गई है।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 6, 2013, 00:20