Last Updated: Thursday, February 14, 2013, 18:01
जालंधर : पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर के डी टी मॉल से सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से फेंके गए दो पैकेट हेरोईन बरामद किए हैं।
प्रत्येक पैकेट में एक एक किलो हेरोईन है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी कीमत 10 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक आदित्य मिश्र ने बताया कि फिरजोपुर सेक्टर के डी टी मॉल में पाकिस्तान के साथ लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा से सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गुरुवार को दो काले पैकेट बरामद किए। दोनों की जांच करने पर पता चला कि इसमें हेरोईन है।
मिश्र ने कहा कि कल देर रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद सतर्क जवानों ने आज सुबह गहन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो काले पैकेट बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि आज की इस बरामदगी के साथ ही सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर के चौकस जवानों ने पाक सीमा से इस साल अबतक 37 किलो 730 ग्राम हेरोईन तथा 33 लाख 27 हजार रुपए मूल्य के नकली नोट बरामद किए गए हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 14, 2013, 18:01