पगार 16 हजार, संपत्ति 40 करोड़ - Zee News हिंदी

पगार 16 हजार, संपत्ति 40 करोड़

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

इंदौर : मध्यप्रदेश पुलिस के आर्थिक अपराध जांच ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने छापामार मुहिम में यहां परिवहन विभाग के एक क्लर्क की 40 करोड़ रुपए से ज्यादा की बेहिसाब संपत्ति का खुलासा किया।

 

ईओडब्ल्यू सूत्रों ने बताया कि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में क्लर्क के रूप में पदस्थ रमेन्द्र उर्फ रमण धुलधोये के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार से बेहिसाब दौलत बनाने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत पर उसके तीन स्थानीय ठिकानों पर एक साथ छापे मारे गए। उन्होंने बताया कि छापों के दौरान पहली नजर में पता चला कि सरकारी कर्मचारी 40 करोड़ रुपए से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति का मालिक है। यह सम्पत्ति उसकी आय के ज्ञात जरियों के मुकाबले कहीं अधिक है।

 

सूत्रों के मुताबिक, क्लर्क की बेहिसाब संपत्ति में अलग-अलग जगहों पर कुल 49 बीघा जमीन, चार भूखंड, आलीशान बंगला, एक होटल और एक मकान शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि छापों के दौरान धुलधोये के ठिकानों पर जेवरात की शक्ल में लगभग एक किलोग्राम सोना और तकरीबन साढ़े चार किलोग्राम चांदी मिली। इसके अलावा, पांच बैंक खातों और बीमा योजनाओं में निवेश के दस्तावेज भी बरामद किए गए।

 

उन्होंने बताया कि चार महंगे वाहन और दो दुपहिया वाहन भी क्लर्क की बेहिसाब मिल्कियत की फेहरिस्त में हैं। ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह ने को बताया कि धुलधोये वर्ष 1996 में सरकारी सेवा में आया था और फिलहाल उसका मासिक वेतन करीब 16 हजार रुपए है। धुलधोये की चल-अचल संपत्ति का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके बाद उसकी बेहिसाब मिल्कियत का आंकड़ा बढ़ सकता है। ईओडब्ल्यू ने सरकारी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है, जांच जारी है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 18, 2011, 20:20

comments powered by Disqus