Last Updated: Wednesday, November 14, 2012, 22:00
मुंबई : मुंबई के पड़ोसी रायगढ़ जिले के पनवेल स्थित एक फार्महाउस में आज चार रियल एस्टेट एजेंट मृत पाए गए। उनकी नृशंस हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रामदास पाटिल (53), नितिन जोशी (40), बलराम तोपाले (42) और प्रीतम घराट (25) के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि तोपाले के सिर पर गोली के निशान हैं जबकि तीन अन्य के शव रक्त से सने थे। यह फार्म हाउस शिरावली गांव में दत्ता पाटिल नाम के व्यक्ति का है।
रामदास ने दत्ता से रविवार को फार्महाउस की चाबियां ली थी। दोनों रिश्तेदार थे। रामदास ने दत्ता से कहा था कि एक बैठक के लिए उसके मित्र फार्महाउस आने वाले हैं। प्राथमिक जांच से किसी तरह की लूटपाट की घटना से इंकार किया गया है। चारों व्यक्तियों को फार्महाउस के एक नौकर ने आज सुबह मृत देखा। पुलिस ने बताया कि इलाके में एक मोटरसाइकिल और दो कार चलती देखी गई।
शवों को पास के अस्पताल ले जाया गया। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे सम्पत्ति विवाद कारण हो सकता है। शराब की बोतल और काले जादू से संबंधित सामग्री को साक्ष्य के तौर पर एकत्रित किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, November 14, 2012, 22:00