पांच नए राज्यपाल नियुक्त - Zee News हिंदी

पांच नए राज्यपाल नियुक्त



नई दिल्ली. राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने शुक्रवार को पांच नए राज्यपालों की नियुक्ति कर दी. महाराष्ट्र के राज्यपाल के. शंकरनारायणनन को गोवा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इस प्रकार छह राज्यों को नया राज्यपाल मिल गया.

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के. रोसैया को सुरजीत सिंह बरनाला की जगह तमिलनाडु भेजा गया है, जबकि झारखंड के राज्यपाल एम. ओ. एच. फारुक अब केरल के राज्यपाल होंगे. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राम नरेश यादव को मध्य प्रदेश, कांग्रेस नेता वैक्कम पुरुषोत्तमन को मिजोरम और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सैयद अहमद को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे 83 वर्षीय रामनरेश यादव को मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है. वह रामेश्वर ठाकुर का स्थान लेंगे. यादव का जन्म एक जुलाई 1928 को आजमगढ़ जिले के आंधीपुर गांव में हुआ. पेशे से वकील यादव राजनारायण के विचारों से प्रभावित हो जनता पार्टी से जुड़े. 1977 में आजमगढ़ लोकसभा सीट से जीतकर वे छठवीं लोकसभा के सदस्य बने.

 

वह 23 जून 1977 को उप्र के मुख्यमंत्री बने और इस पद पर 28 जून 1979 तक रहे. बाद में यादव कांग्रेस पार्टी से जुड़े और संगठन में विभिन्न पदों पर भी रहे. यादव ने वर्ष 2004 में कांग्रेस के टिकट पर आजमगढ़ सीट से लोस चुनाव लड़ा लेकिन वे समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार जयाप्रदा से हार गए.

शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन की जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई. राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने केन्द्र सरकार की अनुशंसा पर इन राज्यपालों की नियुक्ति की.

First Published: Saturday, August 27, 2011, 12:34

comments powered by Disqus