पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिले बिहार भाजपा नेता

पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिले बिहार भाजपा नेता

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी के मुद्दे पर जदयू के अड़ियल रूख अख्तियार करने के बाद भाजपा अपने को इस बात के लिये तैयार कर रही है कि अगर जरूरत पड़ी तो अगले लोकसभा चुनाव में वह बिहार में अकेले ही मैदान में उतरेगी।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ आज यहां राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के दौरान बिहार के पार्टी नेताओं ने इस बारे में संकेत दिया। केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी नेताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और जनता तक पहुंच बनाने को कहा। जदयू द्वारा मोदी पर हमले तेज किए गए जाने के बाद पैदा हुए मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा करने के लिए यहां राज्य से पार्टी के शीर्ष नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की।

जदयू भाजपा पर इसके लिए भी दबाव डाल रही है कि वह समय से पहले प्रधानमंत्री पद के लिए धर्मनिरपेक्ष छवि वाले अपने उम्मीदवार की घोषणा करे। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने बैठक के बाद यहां संवाददातओं से कहा कि बिहार इकाई की पार्टी की 10 सदस्यीय कोर समूह ने मौजूदा राजनीतिक हालात पर केंद्रीय नेतृत्व के साथ चर्चा की। राज्य के पार्टी नेताओं ने बिहार के राजनीतिक हालात पर कोई फैसला करने की जिम्मेदारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी है। हुसैन ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी की प्रदेश इकाई को बिहार में संगठन को और अधिक मजबूत करने को कहा है। (एजेंसी)

First Published: Friday, April 19, 2013, 00:13

comments powered by Disqus