Last Updated: Tuesday, December 6, 2011, 07:54
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के आपराधिक छवि वाले पूर्व विधायक जितेन्द्र सिंह बबलू को मंगलवार को लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि हजरतगंज थाने की पुलिस ने सूचना मिलने पर सिंह को अमौसी हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। उन पर डकैती, लूट तथा हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं।
महेश श्रीवास्तव नामक व्यवसायी ने सिंह पर हजरतगंज स्थित उसके कार्यालय भवन पर अवैध रूप से कब्जे की कोशिश तथा जान से मारने का प्रयास करने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। सिंह हाल में पीस पार्टी में शामिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें बसपा से निकाल दिया गया था। साथ ही उनकी विधानसभा की सदस्यता भी समाप्त कर दी गई थी।
सिंह का नाम वर्ष 2009 में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के लखनऊ स्थित मकान में हुई आगजनी के मामले में भी आया था। उसके बाद उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दे दिया गया था।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 6, 2011, 13:24