पूर्व सीएम मधु कोड़ा को जमानत - Zee News हिंदी

पूर्व सीएम मधु कोड़ा को जमानत



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

रांची : झारखंड हाईकोर्ट  ने अवैध निवेश और हवाला कारोबार मामले में दो साल से अधिक समय से जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा को गुरुवार को जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति एचसी मिश्रा की एकल पीठ ने आज कोड़ा को जमानत दे दी। कोड़ा 30 नवंबर 2009 से न्यायिक हिरासत में हैं।

 

कोड़ा 2006 से 2008 के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। अक्‍टूबर 2009 में आयकर एवं प्रवर्तन निदेशालय द्वारा देश भर में 69 परिसरों पर छापा मारे जाने के बाद चाईबासा के सतर्कता ब्यूरो ने कोड़ा को गिरफ्तार किया था। आयकर विभाग ने आरोप लगाया था कि कोड़ा और उनके कथित सहयोगियों के परिसरों पर छापे के दौरान 2500 करोड़ रुपए के अवैध निवेश और हवाला लेनदेन के संबंध में दस्तावेज बरामद किए गए थे। बाद में सीबीआई ने ईडी के साथ इस मामले को अपने हाथों में ले लिया था।

 

कोड़ा निर्दलीय विधायक थे और उन्होंने झारखंड में संप्रग सरकार का नेतृत्व किया था। उनके कथित सहयोगी बिनोद सिन्हा, विकास सिन्हा और तीन अन्य लोग इसी मामले में अब भी न्यायिक हिरासत में हैं। कोड़ा के खिलाफ राज्य का मुख्यमंत्री रहते हुए 3300 करोड़ रुपये की राशि में अनियमितता बरतने का आरोप है।

First Published: Thursday, April 5, 2012, 14:51

comments powered by Disqus