Last Updated: Monday, August 19, 2013, 23:39
नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके स्थित एक घर में एक बुजुर्ग महिला और उसकी बेटी सोमवार को मृत पाई गईं। उनके गले कटे हुए थे और शरीर पर चोट के कई निशान थे।
मृतकों की पहचान राजस्थान निवासी 90 वर्षीय रामपति और उसकी 42 वर्षीय बेटी रजनी देवी के रूप में की गई है। दोनों लक्ष्मी नगर के जी-ब्लॉक में श्री दुर्गे अपार्टमेंट में रह रही थीं।
यह मामला उस समय सामने आया जब उनकी नौकरानी अनिता सुबह नौ बजे घर आई और उसने रामपति और रजनी को मुख्य द्वार के निकट खून से लथपथ देखा। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसने मां-बेटी को मृत पाया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके शव पर चोट के कई निशान थे। हमलावरों ने उनका गला काटने से पहले उन पर बेरहमी से चाकू से वार किए थे।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अजय कुमार ने कहा, ‘शकरपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया है।’ (एजेंसी)
First Published: Monday, August 19, 2013, 23:39