Last Updated: Monday, August 20, 2012, 16:47

कोलकाता : असम में हिंसा के बाद फैली अफवाहों के मद्देनजर पूर्वोत्तर के लोगों की बड़ी संख्या में रवानगी पर चिंता जताते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज इस तरह की अफवाह फैलाने की निंदा की।
ममता ने यहां रेड रोड पर ईद नमाज के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। कृपया शांति और सौहार्द्र बनाये रखें। उन्होंने कहा, हम इसका (हिंसा का) समर्थन नहीं करते। हम मौजूदा हालात में (असम को) पूरा सहयोग देंगे। ममता ने कहा, जलपाईगुड़ी जिले में शरण लेने वाले लोग हमारे मेहमान हैं। हमने उन्हें शरण दी है। अगर उनमें से कोई वापस नहीं जाना चाहेगा तो हम उन्हें मदद करते रहेंगे।
खिलाफत कमेटी के न्योते पर ईद के समारोह में शामिल होने आईं ममता ने कहा कि उनकी सरकार ने अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए कई कार्यक्रम चलाये हैं। इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण के लिए राज्य का बजट आवंटन 80 प्रतिशत बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आलिया विश्वविद्यालय के अलावा हर जिले में अल्पसंख्यकों के लिए संस्थान बनाएगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 20, 2012, 16:47