Last Updated: Friday, September 13, 2013, 00:28
नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्र संघ के चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को कराए जाएंगे। गुरुवार को दोनों विश्वविद्यालयों में प्रचार खत्म हो गया। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) में पारंपरिक अध्यक्षीय बहस बुधवार को संपन्न हुआ था। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव परिणाम शुक्रवार को ही घोषित हो जाएंगे, जबकि जेएनयू में मतों की गणना शुक्रवार देर शाम शुरू होगी और परिणाम 16 को जारी होने की उम्मीद है।
डूसू के चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के छात्र दस्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीच मुकाबला है। दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों के लिए 12-12 प्रत्याशी और सचिव के लिए 17 और संयुक्त सचिव पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। जेएनयू में अध्यक्ष के लिए आठ प्रत्याशी, उपाध्यक्ष के लिए पांच, महासचिव के लिए छह और संयुक्त सचिव के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 13, 2013, 00:28