Last Updated: Tuesday, April 23, 2013, 21:24

नई दिल्ली : पांच साल की लड़की से कथित सामूहिक बलात्कार के दूसरे आरोपी को मंगलवार को यहां की एक अदालत ने चार दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कहा कि प्रदीप और उसके साथी मनोज दोनों ने नाबालिग लड़की से बलात्कार किया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संजय गर्ग ने 19 वर्षीय प्रदीप को उस समय 27 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया जब पुलिस ने कहा कि घटना की कड़ी का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जानी बाकी है। उसे कल बिहार से गिरफ्तार किया गया था और ट्रांजिट रिमांड पर यहां लाया गया था।
कड़ी सुरक्षा के बीच प्रदीप को अदालत में पेश किया गया। उसका चेहरा ढंका हुआ था। मुख्य आरोपी मनोज ने एजेंसी से कहा था कि उसने नहीं बल्कि प्रदीप ने लड़की से बलात्कार किया था। वहीं, पुलिस ने आज अदालत से कहा कि दोनों ने नाबालिग लड़की से बलात्कार किया था। मनोज फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। अदालत ने जांच एजेंसी से पूछा था कि क्या दोनों आरोपियों ने बच्ची से बलात्कार किया था तो इसपर पुलिस अधिकारियों ने सकारात्मक जवाब दिया।
लोक अभियोजक ने कहा कि हां, दोनों ने लड़की से बलात्कार किया था। अदालत ने मनोज के लिए कल के लिए पेशी वारंट जारी किया क्योंकि पुलिस ने कहा कि वह प्रदीप के साथ उसका आमना-सामना कराना चाहती है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 23, 2013, 21:24