प्रह्लाद जोशी बने कर्नाटक भाजपा के प्रमुख

प्रह्लाद जोशी बने कर्नाटक भाजपा के प्रमुख

प्रह्लाद जोशी बने कर्नाटक भाजपा के प्रमुख बेंगलुरु : कर्नाटक में पांच मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारुढ़ भाजपा को नेतृत्व प्रदान करने के जोखिम कार्य का सामना कर रहे लोकसभा सदस्य प्रह्लाद जोशी ने आज प्रदेश पार्टी प्रमुख का पदभार संभाला और माना कि पिछले पांच साल में कुछ भयंकर भूलों की वजह से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और जोशी समेत भाजपा नेताओं ने पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए एकजुट होने की जरूरत पर बल दिया एवं विपक्षी कांग्रेस को चुनौती दी कि वह ऐसे नेता का नाम बताए जिसके नेतृत्व में वह चुनाव लड़ेगी। धारवाड़ से दूसरी बार सांसद बने 50 वर्षीय जोशी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं।

अध्यक्ष पद की दौड़ में जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा, मंगलोर के सांसद नलिन कुमार कातील और मंत्री गोविंद एम कारजोल को मात दी। उनके अध्यक्ष बनाए जाने को येदियुरप्पा के हटने के बाद पार्टी पर राष्ट्रीय महासचिव एचएन अनंत कुमार की पकड़ मजबूत होने के रूप में देखा जा रहा है।

जोशी ने बतौर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष उपमुख्यमंत्री के एस ईश्वरप्पा का स्थान लिया है जिन्होंने इसी माह के प्रारंभ में इस पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का एक वर्ग महसूस करता है कि बस किसी को संतुष्ट करने या उसके निरंकुश स्वभाव के चलते उनके साथ इंसाफ नहीं हुआ लेकिन अब इसमें सुधार किया जाएगा। उनके निशाने पर पार्टी के पूर्व कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा थे। उन्होंने कहा कि भाजपा शालीन टीम और नेतृत्व के अंतर्गत चुनाव लड़ेगी और उन्होंने पार्टीजनों से एकजुट होकर चुनावी संघर्ष का सामना करने का आह्वान किया।

पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा के सत्ता में आने की उम्मीद प्रकट करते हुए शेट्टार ने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व की कमी है और उन्होंने उसे उस नेता का नाम बताने को चुनौती दी जो चुनाव में उसका नेतृत्व करेंगे। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि लोग उन सभी को सबक सिखाएगी जो मामूली बातों को लेकर भाजपा छोड़कर चले गए। (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 23, 2013, 18:35

comments powered by Disqus