प्रियंका ने पढ़ाया एकजुटता का पाठ - Zee News हिंदी

प्रियंका ने पढ़ाया एकजुटता का पाठ

रायबरेली : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले अमेठी और रायबरेली में तीन दिवसीय चुनाव प्रचार के लिए पहुंची प्रियंका वाड्रा ने अपने दौरे के अंतिम दिन बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। रायबरेली के भुएमऊ अतिथि गृह में प्रियंका ने स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें एकजुट होकर चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए कहा। बैठक में वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी व पार्टी महासचिव राहुल गांधी की बहन प्रियंका ने बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक कर उनसे कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन करने की अपील करें।

 

इससे पहले चुनाव प्रचार के पहले दिन प्रियंका ने अमेठी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें आपसी गिले-शिकवे भुलाकर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए काम करने को कहा था। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक प्रियंका दोपहर बाद दौरा समाप्त कर दिल्ली रवाना हो जाएंगी। उल्लेखनीय है कि रायबरेली और अमेठी की 10 सीटों में से सात कांग्रेस के कब्जे में हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 18, 2012, 15:41

comments powered by Disqus