Last Updated: Wednesday, April 18, 2012, 08:04
जालंधर : जालंधर में सोमवार को एक कारखाना ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई है जबकि अबतक 61 लोगों को मलबे से जिंदा निकाला जा चुका है। मलबे से बुधवार को तीन और शव निकाले जाने के साथ ही इमारत हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई। हालांकि, इमारत के मलबे में अभी भी कई श्रमिकों के फंसे होने की आंशका है।
जालंधर के जिलाधिकारी प्रियांक भारती ने बताया कि मलबे से आज तडके एक और श्रमिक को जिंदा बाहर निकाला गया। इसके अलावा एक शव भी निकाला गया जिससे हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई। उन्होंने कहा कि मलबे से कुल मिला कर अब तक 61 श्रमिकों को बचाया जा चुका है। इनमें से कुछ को इलाज के बाद छुट्टी भी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब भी मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
गौरतलब है कि कल रात मीडिया के कुछ लोगों को कथित तौर पर प्रशासन की ओर से एक सूची प्राप्त हुई थी, जिसमें कहा गया था कि 73 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से ऐसी कोई सूची नहीं बांटी गयी और मलबे से अब तक 61 लोगों को ही निकाला गया है।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 18, 2012, 17:31