बद्रीनाथ धाम 48 घंटे बाद दोबारा खुला

बद्रीनाथ धाम 48 घंटे बाद दोबारा खुला

देहरादून : उत्तराखंड में जीवन रेखा के रूप में मान्य चार धामों में एक बद्रीनाथ धाम मार्ग करीब 48 घंटों के बाद यातायात के लिये दोबारा खोल दिया गया है। इस मार्ग पर भूस्खलन के चलते जगह-जगह आये मलवे को साफ कर कल अपराह्न वाहनों की आवाजाही चालू कर दी गयी।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि वर्षा तथा भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ मार्ग गत बृहस्पतिवार से बंद था जिसके चलते इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रुकी हुई थी और हजारों की संख्या में तीर्थयात्री उसी समय से ही रास्ते में फंसे थे।

आधिकारिक सूत्रों आज यहां बताया कि बद्रीनाथ धाम मार्ग पर गत बृहस्पतिवार की सुबह पगलानाला और बिरही के पास भारी वर्षा के बाद भूस्खलन होने से मार्ग पर भारी मलवा आ गया था जिससे मार्ग को बंद करना पडा था। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से करीब 48 घंटे तक बंद रही।

सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन ने चमोली, नंदप्रयाग, कालदूबगढ तथा गौचर में वाहनों को रोक रखा था लेकिन कल अपराह्न से वाहनों को जाने दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राज्य में अन्य धामों में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ के मार्ग भी खुले हुये हैं। सभी मार्गों पर यातायात जारी है और लोग दर्शन के लिये जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि आज भी उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हुई जिसके चलते कई मार्गों पर पहाडी से खिसककर मलबा आ गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पडा। मलबे को साफ करने के लिये जगह जगह जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है।

राज्य के देहरादून, चमोली, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी बागेश्वर, टिहरी, पौडी तथा कुछ अन्य क्षेत्रों में आज वर्षा हुई जिससे तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गयी। सूत्रों ने बताया कि बंद पडे अन्य मार्गों को खोलने के लिये युद्धस्तर पर सफाई का कार्य किया जा रहा है।

चमोली की पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने आज बताया कि यात्रियों को असुविधा नहीं हो इसके लिये उन्हें सतर्क होकर यात्रा करने का अनुरोध किया गया है। जिन स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, वहां अत्यधिक सतर्क होकर चलने के लिये कहा गया है।

बद्रीनाथ मार्ग पर चमोली, बिरही, पातालगंगा, पगलानाला तथा अन्य कुछ स्थानों पर वष्रा के चलते भूस्खलन होने से सडक पर भारी मलबा आ गया था लेकिन उन्हें साफ करने के बाद मार्ग को चालू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि भूस्खलन के चलते बद्रीनाथ मार्ग पर कल से ही हजारों की संख्या में वाहन तथा तीर्थयात्री फंसे पडे हुये थे लेकिन अब उन लोगों को जाने की इजाजत दे दी गयी है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 7, 2012, 18:57

comments powered by Disqus