Last Updated: Sunday, January 15, 2012, 07:25
श्रीनगर: कश्मीर घाटी रविवार को सफेद बर्फ की चादर से लिपट गई है क्योंकि यहां खूब बर्फबारी हो रही है।
दुर्घटना से बचने के लिए श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद कर दिया गया है। श्रीनगर में सुबह आठ बजे तक छह इंच बर्फबारी हुई और यह जारी है। गुलमर्ग में एक फुट, पहलगाम में तीन इंच, बांदीपोरा में पांच इंच, बारामूला में चार इंच, शोपियां में तीन इंच और अनंतनाग में सुबह आठ बजे तक एक इंच बर्फबारी हुई। घाटी में तकरीबन सभी स्थानों पर बर्फ पड़ रही है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री, पहलगाम में 6.9 डिग्री और गुलमर्ग में 9.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
इस बीच, प्रशासन ने बनिहाल और पटनीटॉप क्षेत्रों में सड़कों पर बर्फ जमा हो जाने के कारण श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद कर दिया है। यातायात विभाग के अनुसार राजमार्ग को किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए बंद कर दिया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, January 15, 2012, 12:55