Last Updated: Tuesday, January 15, 2013, 13:33
श्रीनगर : कश्मीर घाटी में बर्फीली हवाओं ने फिर से लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया है। रात का तापमान जमाव बिंदु पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने कल हिमपात की संभावना जतायी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में पिछले कुछ दिनों से इजाफा हो रहा था। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि इससे एक दिन पहले रात में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस था।
शनिवार को हिमपात के बाद जबरदस्त ठंड से लोगों को राहत मिली थी। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इससे एक दिन पहले तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इससे एक दिन पहले तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
गुलमर्ग में तापमान में थोड़ा इजाफा हुआ। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। लद्दाख में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कल हिमपात की उम्मीद जाहिर की है, जिसके 19 जनवरी तक जारी रहने की उम्मीद है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 15, 2013, 13:33