Last Updated: Wednesday, January 16, 2013, 11:39
पटना : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद हड़ताल पर चल रहे प्रदेश के लगभग चार हजार शासकीय चिकित्सक मंगलवार रात काम पर लौट आए। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग और हड़ताली चिकित्सकों की मंगलवार की रात करीब दो घंटे चली बातचीत के बाद चिकित्सकों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे ने चिकित्सकों के काम पर लौट आने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हड़ताल किसी समस्या का हल नहीं है।
उल्लेखनीय है कि बिहार राज्य स्वास्थ्य संघ के बैनर तले हुई इस हड़ताल के माध्यम से चिकित्सक संविदा के आधार पर नियुक्त चिकित्सकों को नियमित करने, व्यक्तिगत सुरक्षा अधिनियम के कार्यान्वित करने सहित कई मांगों को लेकर सोमवार आधी रात से 48 घंटे की हड़ताल पर चले गए थे।
संघ के नेताओं ने कहा कि सरकार उनकी अधिकांश मांगें मानने के लिए राजी हो गई है। सरकार इस बात पर भी सहमत हो गई है कि संविदा के आधार पर चिकित्सकों की नियुक्ति हरियाणा, दिल्ली, गुजरात के पैटर्न पर की जाएगी। इसके अलावा सरकार ने चिकित्सकों की वित्त सम्बंधी सभी मांगों पर अगले तीन से छह महीने में कार्यवाही करने का भरोसा दिया है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 16, 2013, 11:39