'बिहार के विकास से पलायन बहुत रूका' - Zee News हिंदी

'बिहार के विकास से पलायन बहुत रूका'



दिल्ली : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि राज्य से पंजाब और महाराष्ट्र जैसे विकसित राज्यों की तरफ मजदूरों का पलायन बहुत रूका है जो राज्य के विकास को दर्शाता है।

 

उन्होंने यहां एक समारोह में कहा, पंजाब में बड़े उद्योगपति और किसान मजदूरों की कमी की शिकायत कर रहे हैं क्योंकि बिहार से मजदूरों के आने की संख्या कम हुई है। मजदूरों को अपने प्रदेश में ही रोजगार मिल रहा है।

 

एक सर्वे का हवाला देते हुए कुमार ने कहा कि विकास कार्य और मनरेगा के कारण बिहार से अन्य राज्यों में मजदूरों के पलायन में करीब 26 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने इन बातों को खारिज कर दिया कि राज्य के लोग भीख मांगने के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं।

 

बिहार के निर्माण के सौ वर्ष पूरे होने पर एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, यह कहना गलत है कि बिहार और उत्तरप्रदेश के लोग बाहर जाकर भीख मांगने को बाध्य हैं। वे वास्तव में न केवल देश के अलग-अलग हिस्सों में जाते हैं बल्कि वहां के आर्थिक विकास में योगदान भी करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है जिसके कारण पंजाब, महाराष्ट्र और गुजरात की तरफ मजदूरों का पलायन रूका है।

 

इस अवसर पर उन्होंने राज्य के 20 लोगों को सम्मानित भी किया जिसमें सेबी के चेयरमैन यू के सिन्हा, पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन, पूर्व क्रिकेटर सबा करीम और अभिनेता मनोज तिवारी शामिल हैं ।

 

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के 15 वर्षों के शासन पर प्रहार करते हुए नीतीश ने कहा कि पहले राज्य के लोग अपनी पहचान छिपाते थे क्योंकि राज्य में अराजकता और कमजोर आर्थिक विकास के कारण उन्हें हेय दृष्टि से देखा जाता था । उन्होंने कहा कि राज्य में विकास के साथ ही राज्य से बाहर रहने वाले लोग गौरवान्वित महसूस करते हैं।

 

उन्होंने कहा कि बिहार विकास के रास्ते पर है और राज्य में दूसरी हरित क्रांति की शुरुआत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, बिहार में दूसरी हरित क्रांति पंजाब में 70 के दशक की हरित क्रांति के समान नहीं होगी बल्कि इसका अपना मॉडल होगा। गौरतलब है कि ब्रिटेन के शासनकाल के दौरान बिहार को बंगाल से 22 मार्च 1912 को अलग किया गया था। बिहार की स्थापना के सौ वर्ष पूरा होने पर इसे बिहार शताब्दी उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

 

उत्सव के संयोजक संजय झा ने कहा कि राजग सरकार देश के विभिन्न हिस्से में रह रहे लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके। झा भाजपा के विधान पाषर्द भी हैं।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 18, 2012, 22:05

comments powered by Disqus