बिहार में कुर्ताफाड़ होली

बिहार में कुर्ताफाड़ होली

बिहार में कुर्ताफाड़ होलीपटना : पूरे देश में हिंदू कैलेंडर के वर्ष के पहले दिन चैत महीने के आगमन पर मनाए जाने वाले होली पर्व की अपनी अलग विशेषता है। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होली का त्योहार सभी को रंग में रंगने और विभिन्न प्रकार के गुलालों के कारण अलग छटा बिखेरता है। बिहार में इस वर्ष अधिकतर इलाकों में 28 मार्च को होली मनाई जाएगी।

वैसे तो होली पर्व पूरे देश में मनाई जाती है, लेकिन बिहार में इसकी एक अलग पहचान है। बिहार में होली के मौके पर गाए जाने वाले फगुआ की अपनी गायन शैली है तो होली के दिन कपड़ाफाड़ होली की अपनी अलग खासियत है। कई स्थानों पर कीचड़ की होली भी इस पर्व को खास बनाती है।

होली के दिन रंगों से सराबोर लोग ढोलक की धुन पर नृत्य करते लोकगीत गाते हुए आनंदित होते हैं और गांव के प्रत्येक घरों में पहुंचकर एक-दूसरे को रंग से सराबोर करते हुए उन्हें अपनी महफिल में शामिल कर लेते हैं।

हिंदू मान्यता के अनुसार, नए वर्ष की शुरुआत चैत महीने से होती है और इसी दिन होली मनाने की परंपरा है। बुजुर्गो का कहना है कि यह पर्व आापसी सैहार्द और मेल-मिलाप और भाईचारे का पर्व है। पटना के 65 वर्षीय बुजुर्ग अखिलेश्वर प्रसाद के अनुसार, दीपावली घर की सफाई का पर्व है तो होली हमारे मन की सफाई का पर्व है।

उन्होंने कहा कि होली की वास्तविक शुरुआत फाल्गुन महीने से हो जाती है। होली के एक दिन पहले होलिका दहन के दौरान आसपास के कूड़े का अंत हो जाता है तो वर्ष की शुरुआत रंग व गुलाल के साथ धमाचौकड़ी से होती है। इस नए वर्ष के स्वागत के लिए सभी पुरुष, महिला, बच्चे मस्ती में झूमते-गाते हैं। चारों ओर गीत-संगीत व मस्ती का माहौल होता है।

होली के दिन कुछ लोग भांग का सेवन भी करते हैं और इसके बाद शुरू होता है कुर्ताफाड़ होली का दौर। रंग के साथ भांग का नशा जब चढ़ता है तो लोग रंग के साथ मिट्टी और कीचड़ से भी होली का हुड़दंग मचाने लगते हैं। कुछ व्यक्ति दूसरी टोली को रंग लगाते हैं, तो कुछ एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने में लगे रहते हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद भी इस होली का भरपूर आनंद लेते हैं। बिहार में बुढ़वा होली मनाने की भी अपनी परंपरा है। होली के दूसरे दिन भी लोग कई इलाकों में बुढ़वा होली खेलते हैं। इस दिन लोगों की मस्ती दोगुनी होती है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 27, 2013, 10:30

comments powered by Disqus