Last Updated: Friday, June 14, 2013, 23:18
पटना : बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद अपने सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खिलाफ हमलावर हो गए हैं। उन्होंने न केवल जद-यू के लोगों पर भाजपा के विधायकों और निर्दलीय विधायकों को मंत्री बनाने का लालच देने का आरोप लगाया, बल्कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के लिए एक विद्यालय का मैदान नहीं देने की भी बात कही।
पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि एक विद्यालय परिसर का उपयोग जदयू ने अधिकार रैली के समय किया था, लेकिन 23 जून को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के लिए परिसर उपलब्ध नहीं कराना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार बचाने के लिए जदयू सभी दलों के विधायकों पर डोरे डाल रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि हम कुछ भी करते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वे कत्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होती। उल्लेखनीय है कि भाजपा के गोवा अधिवेशन में नरेंद्र मोदी को अगले लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही जद-यू और भाजपा में तनाव बढ़ गया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 14, 2013, 23:18