बिहार में नाव पलटने से 6 लोग मरे

बिहार में नाव पलटने से 6 लोग मरे

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले के भेजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कोसी नदी में एक नाव के पलट जाने से छह महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं लापता बताई जा रही हैं। भेजा के थाना प्रभारी गोपाल प्रसाद सिंह ने बताया कि बलखी गांव के समीप तड़के कुछ महिलाएं और पुरूष घास काटने के लिए नाव पर सवार होकर कोसी नदी को पार कर रहे थे कि नदी के बीचो-बीच नाव पलट गई।

इस दुर्घटना में छह महिलाओं की मौत हो गई जबकि लापता बताई जा रहीं दो महिलाओं को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नाव पर 30 से 35 लोग सवार थे। शेष सभी लोग तैरकर नदी से बाहर निकाल आए या गांव वालों की मदद से बाहर निकाल लिए गए।

सिंह ने बताया कि लापता महिलाओं के खोजने के लिए स्थानीय लोगों के अलावा गोताखोरों को लगाया गया है जबकि छह बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक महिलाएं बलखी गांव की ही बताई जा रही हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 10, 2012, 14:06

comments powered by Disqus