Last Updated: Monday, January 9, 2012, 15:17
पटना : बिहार में नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक किया है, जिसके अनुसार कई मंत्रियों से अधिक धनवान उनकी पत्नियां हैं।
जिन मंत्रियों की पत्नी की चल संपत्ति उनसे अधिक है उनमें उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, भवन निर्माण मंत्री दामोदर राउत, ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी का नाम शामिल है।
इस सूची में राज्य के कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के पास जो 25.58 लाख रुपये की चल संपत्ति है, उससे अधिक जायदाद उनकी पत्नी सागरमणि देवी के पास है। सिंह की पत्नी की चल संपत्ति 27.42 लाख रुपये है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी चौबे की चल तथा अचल संपत्ति पत्नी से कम है।
चौबे के पास 61.24 लाख रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्ति है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री से आगे उनकी पत्नी नीता चौबे हैं, जिनके पास 94.09 लाख रुपये की संपत्ति है।
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी इस सूची में शुमार हैं। वित्तमंत्री का प्रभार संभाल रहे मोदी के पास कुल चल संपत्ति 25.78 लाख रुपये की है, लेकिन उनकी पत्नी जेएस मोदी की चल संपत्ति 29.84 लाख रुपये की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले विजय कुमार चौधरी की पत्नी की चल संपत्ति 20.28 लाख रुपये है। चौधरी की चल संपत्ति 15 लाख रुपये है। हालांकि जमीन, मकान और भूखंड आदि को मिलाकर अचल संपत्ति के मामले में चौधरी अपनी पत्नी से आगे हैं।
इसी प्रकार कई मंत्रियों की चल संपत्ति में नकद, बैंक में जमा, शेयर डिबेंचर, वाहन और हथियार आदि शामिल है, जबकि उनकी पत्नियों की भी इतना ही निवेश है।
राज्य के पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू की पत्नी के पास उनसे अधिक 40.54 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। पिंटू ने 26.69 लाख रुपये की अचल संपत्ति घोषित की है। राजग सरकार के मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का जो ब्यौरा सार्वजनिक किया है उसमें एकरुपता नहीं है।
करोड़पति संपत्ति वाले मंत्रियों की जमात में 28 में से बहुत कम ही लोग है। सबसे अधिक संपत्ति शिक्षा मंत्री पीके शाही और उनकी पत्नी के पास है। शाही की चल और अचल संपत्ति का कुल मूल्य 6.42 करोड़ रुपये है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 10, 2012, 00:55