Last Updated: Saturday, October 13, 2012, 16:55

पटना : मधुबनी जिले में कल रात लोगों पर पुलिस गोलीबारी की निंदा करते हुए भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने आज कहा कि बिहार में लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार छीना जा रहा है और यहां तानाशाही हावी है।
भट्टाचार्य ने यहां संवाददाताओं से कहा, मधुबनी में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोलीबारी और पूर्व में फारबिसगंज, औरंगाबाद, खगड़िया, गया में इसी प्रकार की पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई से स्पष्ट है कि राज्य में विरोध करने का लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार छीना जा रहा है। मुख्यमंत्री आम लोगों के नेता नहीं बल्कि तानाशाह की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विरोध में भाकपा माले आगामी 15 अक्तूबर को राज्यस्तरीय बंद करेगा। इसमें अन्य वामदलों का सहयोग लिया जाएगा।
भाकपा माले नेता ने कहा, एक तरफ लोगों का अधिकार छीना जा रहा है दूसरी तरफ नीतीश कुमार अधिकार रैली का ढोल पीट रहे हैं। बिहार के लोगों पर अत्याचार हो रहा है मुख्यमंत्री अधिकार यात्रा और अधिकार रैली की तैयारी में मशगूल हैं। यह अधिकार यात्रा नहीं बल्कि अहंकार यात्रा है जिसमें हिंसा हो रही है। भट्टाचार्य ने कहा, नीतीश कुमार अब जनता के नहीं बल्कि जदयू के घमंडी नेता की तरह पेश आ रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने पर शिक्षकों और महिलाओं को सबक सिखाने के लिए जदयू के कार्यकर्ताओं को कह रहे हैं। काला कपड़ा प्रतिबंधित कर दिया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, October 13, 2012, 16:55