Last Updated: Monday, July 9, 2012, 22:05
अहमदनगर (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से तीन घंटे में सुरक्षित निकाल लिया गया।
पिछले दिनों हरियाणा के गुड़गांव में बोरवेल में गिरने से तीन साल की बच्ची माही की मौत हो गई थी। ठीक वैसी ही घटना यहां सोमवार को अहमदनगर जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर राहुरी तालुका के कदनगांव में हुई। चार साल का मनोज घोड़पड़े दोपहर बाद खेलते समय बोरवेल में गिर गया।
84 घंटे तक लगातार प्रयास के बावजूद माही की जान तो नहीं बचाई जा सकी, लेकिन यहां मनोज को बचा लिया गया।
पुलिसकर्मियों की टीम और स्थानीय लोगों के सहयोग से बोरवेल के समानांतर एक दूसरा गड्ढा खोदकर मनोज को सुरक्षित निकाल लिया गया । मनोज दोपहर बाद खेलते समय 270 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया, हालांकि वह 24 फीट पर अटका हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान में जेसीबी मशीनों को लगाया गया और सेना को सतर्क कर दिया गया था। कुछ खरोंचों को छोड़कर मासूम मनोज पुरी तरह सुरक्षित है। चिकित्सक दल ने उसे पूरी तरह स्वस्थ घोषित किया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, July 9, 2012, 22:05