ब्रहमेश्वर हत्या मामले में एक आरोपी ने किया सरेंडर

ब्रहमेश्वर हत्या मामले में एक आरोपी ने किया सरेंडर

पटना : प्रतिबंधित संगठन रणवीर सेना के पूर्व प्रमुख ब्रहमेश्वर मुखिया हत्या मामले में सोनू चौधरी उर्फ मुगल ने आज आरा पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) रविंद्र कुमार ने बताया कि मुखिया हत्या मामले में सोनू चौधरी उर्फ मुगल ने आरा पुलिस अधीक्षक एम आर नायक के समक्ष नवादा थाना में आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व गिरफ्तार दो आरोपियों रितेश उर्फ मोनू और सन्नी सिंह के सहयोगी कतिरा मुहल्ला निवासी सोनू के घर की कल पुलिस ने तलाशी ली थी। उसने आज आत्मसमर्पण कर दिया। उससे पूछताछ जारी है।

मुखिया हत्या मामले में पुलिस ने सात जून को दो आरोपियों रितेश उर्फ मोनू और सन्नी सिंह को गिरफ्तार कर आरा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रेम कुमार ओझा के समक्ष पेश किया था जिसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने रितेश उर्फ मोनू को झारखंड में जमशेदपुर के बिस्टुपुर मुहल्ले से पांच-छह जून की रात्रि में हिरासत में लिया था जबकि सन्नी सिंह को पटना से गिरफ्तार किया था।

सन्नी सिंह और रितेश उर्फ मोनू को एसआईटी ने कल पांच दिनों के लिए रिमांड पर लिया था। पुलिस ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड का अनुरोध किया था।

उल्लेखनीय है कि बीते एक जून की प्रात: ब्रहमेश्वर मुखिया की भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के कतिरा मुहल्ले में अज्ञात अपराधियों ने उस समय अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी थी जब वे अपने घर से सुबह की सैर पर निकले थे।

बिहार में प्रतिबंधित जातीय संगठन रणवीर सेना पर दिसम्बर 1996 में हुए लक्ष्मणपुर-बाथे नरसंहार, जिसमें 61 दलितों की हत्या कर दी गई थी सहित कई जातीय नरसंहारों को अंजाम देने के आरोप हैं। इस संगठन के संस्थापक ब्रहमेश्वर मुखिया पर इन नरसंहारों की साजिश रचने का आरोप था।

रणवीर सेना प्रमुख के रूप में नरसंहार से संबंधित 22 मामलों में से 16 में ब्रहमेश्वर बरी हो चुके थे और छह मामलों में जमानत पर थे। ब्रहमेश्वर मुखिया की आरा के कतिरा मुहल्ले में हत्या के बाद आरा शहर में और उसके बाद शवयात्रा के दौरान उनके समर्थकों द्वारा दो जून को पटना में उपद्रव, आगजनी और तोड़फोड़ के दौरान कई सरकारी कार्यालयों में आग लगा दी गयी थी और कई वाहनों में आग लगा दी गयी थी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 9, 2012, 23:07

comments powered by Disqus