Last Updated: Saturday, June 2, 2012, 16:11

ज़ी न्यू्ज बयूरो/एजेंसी
पटना : रणवीर सेना के संस्थापक ब्रह्मेश्वर सिंह की शनिवार को पटना में अंत्येष्टि को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और राज्य में हाई अलर्ट बना हुआ है। ब्रह्मेश्वर सिंह की अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, अंतिम यात्रा पटना पहुंच चुकी है।
इसकी निगरानी कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य जगहों पर भी हजारों लोग अंतिम यात्रा में शामिल होने का इंतजार कर रहे हैं। सैकड़ों वाहनों के चलते यह यात्रा करीब तीन किलोमीटर लंबी हो गई है।
आरा-पटना सड़क मार्ग पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुखिया के परिजनों के मुताबिक पटना के गंगा नदी के बांसघाट पर शाम तीन बजे मुखिया की अंत्येष्टि का कार्यक्रम है। सुबह नौ बजे आरा स्थित उनके आवास से शव यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पटना के लिए रवाना हो चुकी है, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए हैं। इस शव यात्रा को लेकर हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा की गई है। शव यात्रा में एहतियातन में डीजीपी भी मौजूद हैं। उधर, आरा में हालात अब कुछ बेहतर हुए हैं।
पटना की पुलिस अधीक्षक (नगर) किम ने बताया कि शव यात्रा के दौरान हर कदम पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। अंत्येष्टि को लेकर पटना में आने वाली भीड़ को देखते हुए सड़क से लेकर रेलवे स्टेशन तक नजर रखी जा रही है। पोस्टंमार्टम रिपोर्ट में ब्रह्मेश्वर मुखिया को कुल पांच गोली लगने की पुष्टि हुई है। इस हत्यालकांड को लेकर मुखिया के परिजनों ने जेडीयू विधायक पर आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि ब्रह्मेश्वर मुखिया की शुक्रवार की सुबह अज्ञात अपराधियों ने आरा में उनके आवास के कुछ दूरी पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद हत्या से आक्रोशित लोगों ने पूरे आरा में प्रदर्शन किए। कई वाहनों को फूंक दिया गया तथा कई सरकारी कार्यालयों को आग के हवाले कर दिया गया। उत्तेजित लोगों को शांत कराने के लिए प्रशासन द्वारा आरा में धारा 144 लागू कर दी गई और पूरे राज्य में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
First Published: Saturday, June 2, 2012, 16:11