Last Updated: Friday, January 6, 2012, 11:43

लखनऊ : जनक्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने बाबूसिंह कुशवाहा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के मसले पर कहा है कि भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है।
लखनऊ में शुक्रवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कल्याण ने कहा कि बाबूसिंह कुशवाहा पर हजारों करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। भाजपा के नेता किरीट सोमैया ने 31 दिसंबर को कुशवाहा के खिलाफ दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। लेकिन भाजपा ने उसके तुरंत बाद ही कुशवाहा को गले लगा लिया।
कल्याण ने कहा कि ऐसा लगता है कि कुशवाहा को शामिल करने के लिए भाजपा का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ समझौता हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को इस बात की भी जांच करनी चाहिए कि क्या दोनों पार्टियों के बीच पैसे की डील हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि भाजपा ने अब एक नया नारा अख्तियार कर लिया है:'हम भ्रष्टन के भ्रष्ट हमारे'।
कल्याण ने कहा कि भविष्य में भाजपा यदि 'माया शरणम गच्छामि' भी कहती नजर आई तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए। इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह ने पार्टी के 61 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की। राजवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के 61 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी करते हुए कहा कि इसमें हर वर्ग और जाति के उम्मीदवारों को शामिल किया गया है। संवाददाता सम्मेलन में राजवीर सिंह ने कहा कि पार्टी ने नौ सीटों पर अपने उम्मीदवार बदले हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी 61 प्रत्याशियों की सूची जारी कर रही है और अगली सूची 15 जनवरी तक जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दो सूचियों में 159 प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर चुकी है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा छोड़कर आए तीन लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक केशो मेहरा, ठाकुर विंदेश्वरी प्रसाद सिंह और प्रशांत पटेल शामिल थे।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 6, 2012, 17:13