भाजपा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद, बाजारों में सन्नाटा

भाजपा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद, बाजारों में सन्नाटा

भाजपा का पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद, बाजारों में सन्नाटालखनऊ/मुजफ्फरनगर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा रविवार को आहूत पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद का असर देखने को मिल रहा है। मुजफ्फनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई ने मुजफ्फरनगर हिंसा के संबंध में अपने दो विधायकों की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश बंद का आह्वान कर रखा है। बंद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, शामली, हापुड़, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों में प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इन जिलों के प्रमुख बाजारों में दुकानों पर ताले लटके नजर आ रहे हैं। हालांकि सड़कों पर लोगों की आवाजाही देखी जा रही है।

मेरठ पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि हम राज्य सरकार की भेदभावपूर्ण कार्रवाई के विरोध में आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बंद कर रहे हैं। व्यापारी हमें बंद में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्टिंग आपरेशन के बाद सरकार अपने मंत्री आजम खान के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय भाजपा विधायकों को गिरफ्तार कर रही है।

वहीं प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि अगर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहीं पर जबरन दुकानें बंद कराने की कोशिश की तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मुजफ्फनगर के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि जबरन बाजार बंद कराने पर कार्रवाई होगी। जो व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खोलना चाहते हैं प्रशासन उन्हें सुरक्षा देगा। कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने मुजफ्फरनगर हिंसा के आरोप में दो भाजपा विधायकों संगीत सोम और सुरेश राणा को गिरफ्तार किया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 22, 2013, 16:17

comments powered by Disqus