Last Updated: Thursday, April 4, 2013, 13:34
चित्रकूट : उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में चल रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में गुरुवार को एक राजनीतिक प्रस्ताव लाया गया, जिसके माध्यम से भाजपा ने सूबे की वर्तमान सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए किसानों, व्यापारियों, बेरोजगार युवकों, शिक्षकों एवं मजदूरों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है।
चित्रकूट में चल रही प्रदेश कार्य समिति की बैठक के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता केसरी नाथ त्रिपाठी ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे और संगठन के प्रदेश महामंत्री राजबीर सिंह ने इसका समर्थन किया।
इस प्रस्ताव में राज्य की मौजूदा सरकार पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि सूबे में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। वर्तमान सरकार के अब तक के कार्यकाल में 2,500 से अधिक हत्याएं, 550 से अधिक दुष्कर्म, 2,500 से अधिक चोरी एवं लूट की घटनाएं हो चुकी हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आए दिन हो रही अपहरण की घटनाओं ने उद्योग का रूप ले लिया है। अब तक 400 से अधिक अपहरण की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रदेश में 34 सांप्रदायिक दंगे हुए। अल्पसंख्यक अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर, उल्टा उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।
प्रस्ताव में केंद्र एवं राज्य सरकारों पर तुष्टीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में विकास पूरी तरह ठप पड़ा है। मूलभूत ढांचों के विकास के लिए कोई ठोस योजना सरकार के पास नहीं है। वर्तमान सरकार का विकास कार्य केवल तीन चार जिलों तक ही सीमित होकर रह गया है और शेष उत्तर प्रदेश पूरी तरह उपेक्षित है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 4, 2013, 13:34