Last Updated: Tuesday, April 17, 2012, 14:58
नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम चुनाव में भाजपा उम्मीदवार जग रौशनी ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी पर रिकार्ड 17 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की। भाजपा के राम नारायण दुबे और आशीष सूद हालांकि 20 मतों से भी कम अंतर से जीत दर्ज कर सके।
दिल्ली नगर निगम चुनाव में एकमात्र अरबपति उम्मीदवार सतविंदर कौर सिरसा ने शानदान प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के प्रेम सुरेश यादव को 11,584 मतों से पराजित किया। सिरसा ने 112 करोड़ रुपये की सम्पत्ति की घोषणा की थी। उन्हें 15,581 मत मिले जबकि यादव को 3,997 मत प्राप्त हुए। रौशनी ने बेगमपुर वार्ड से 17,284 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 23,526 मत प्राप्त हुए जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस की नविता को 6,242 मत प्राप्त हुए।
भाजपा के सूद और दुबे के लिए चुनाव में जीत हालांकि आसान नहीं रही। दुबे दिलशाद गार्डन वार्ड में अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के अजीत सिंह पर 18 मतों से जीत दर्ज करने में सफल रहे। दुबे को 9,091 मत मिले जबकि सिंह को 9,073 मत प्राप्त हुए। जबकि सूद ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के संजय पुरी को 19 मतों के अंतर से पराजित किया। सूद को 9,387 मत मिले जबकि पुरी को 9,368 मत प्राप्त हुए। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजेन्दर गुप्ता की पत्नी शोभा विजेन्दर ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस की डा. मोनिका पुरी को 8,750 मतों से पराजित किया।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 17, 2012, 20:28