Last Updated: Wednesday, February 20, 2013, 13:59
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली: दो दिनों के हड़ताल के दौरान उत्तर प्रदेश के नोएडा से भी हिंसा की खबरें हैं। नोएडा के फेज-2 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित होजरी कॉम्प्लेक्स एरिया में हड़ताली कर्मचारियों ने कुछ कंपनियों के शीशे तोड़ दिए हैं। पथराव और आगजनी की भी खबरें हैं। नोएडा के सेक्टर-63 में भी तोड़फोड़ की खबर है।
नोएडा के सेक्टर 57 और लेबर चौक के आसपास के ऑफिसों में हड़ताल समर्थकों ने जमकर उत्पात मचाया। कई ऑफिसों के शीशे तोड़ दिए गए। जिसके बाद इन ऑफिसों को बंद कर दिया गया है। कई जगह कर्मचारियों ने वाहनों में आग लगा दी। बिगड़े हालात को काबू में करने के लिए पीएसी कंपनियों को बुलाया गया है।
आज सुबह से ही भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। अंबाला में तड़के एक ट्रेड यूनियन नेता की हत्या कर दी गई। एआईटीयूसी यूनियन के कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंह की अज्ञात लोगों ने अंबाला बस स्टैंड के करीब चाकू घोपकर हत्या कर दी। हड़ताल के बावजूद वे लोग डिपो से बस निकलवाना चाहते थे।
दो दिनों के इस भारत बंद में 20 हजार करोड़ के नुकसान होने का अनुमान है। भारत बंद से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ओड़िशा के भुवनेश्वर में प्रदर्शनकारियों ने कई ट्रेनें रोक दी है। दिल्ली में सड़कों पर ऑटो काफी कम चल रहे हैं। दिल्ली मेट्रो में जरूरत से ज्यादा भीड़ है। 11 ट्रेड यूनियन 48 घंटे की हड़ताल पर है और आज पहला दिन है।
First Published: Wednesday, February 20, 2013, 13:59