‘भारत-भारती’ से नवाजे गए गोपालदास नीरज

‘भारत-भारती’ से नवाजे गए गोपालदास नीरज

लखनऊ : प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार गोपालदास नीरज को आज उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े साहित्यिक पुरस्कार ‘भारत-भारती’ से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख ने हिन्दी दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में नीरज को दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन और हिन्दी की अनवरत सेवा के लिए वर्ष 2012 के ‘भारत-भारती’ पुरस्कार से सम्मानित किया। इस पुरस्कार के तहत पांच लाख दो हजार रुपए नकद, अंगवस्त्र तथा स्मृति चिहन भेंट किये गए।

इसके अलावा प्रो. चौथीराम यादव को लोहिया साहित्य सम्मान, प्रो. सोम ठाकुर को हिन्दी गौरव सम्मान, डॉ. बलदेव वंशी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सम्मान तथा चित्रा मुद्गल को अवंतीबाई सम्मान प्रदान किया गया। महात्मा गांधी सम्मान के लिए चुनी गयीं साहित्यकार मन्नू भंडारी तबीयत खराब होने की वजह से पुरस्कार ग्रहण करने नहीं पहुंच सकीं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 60 अन्य सम्मानों से विभिन्न साहित्यकारों को पुरस्कृत किया।

अखिलेश ने इस मौके पर व्यंग्य विधा में उत्कृष्ट लेखन के लिये पंडित नारायण चतुर्वेदी के नाम से दो लाख रुपए का पुरस्कार तथा विधि क्षेत्र में बेहतरीन लेखन के लिये इतनी ही धनराशि का विधि भूषण पुरस्कार शुरू करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने हिन्दी विदेश प्रसार सम्मान की धनराशि को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपए करने तथा पुरस्कृत व्यक्ति का विदेश आने-जाने का खर्च सरकार द्वारा वहन किये जाने की घोषणा भी की।

समारोह के मुख्यमंत्री अतिथि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने इस मौके पर कहा कि साहित्यकारों ने देश की बड़ी सेवा की है। उन्होंने कहा कि वह अंग्रेजी के विरोधी नहीं हैं लेकिन चाहते हैं कि सरकारी कामकाज हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं में हो। (एजेंसी)

First Published: Saturday, September 14, 2013, 20:15

comments powered by Disqus