मछुआरा केस: सुरक्षा गार्ड न्यायिक हिरासत में - Zee News हिंदी

मछुआरा केस: सुरक्षा गार्ड न्यायिक हिरासत में



कोल्लम (केरल) : दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपों का सामना कर रहे इतालवी जहाज के दो सुरक्षा गार्ड को सोमवार को यहां एक अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालती आदेश के बाद उन्हें तिरूवनंतपुरम के केन्द्रीय कारागार में भेज दिया गया।

 

दोनों सुरक्षा कर्मियों लातोर मासिमिलानो और सल्वातोरे गिरोन को मुख्य न्यायकि मजिस्ट्रेट एके गोपकुमार के समक्ष पेश किया गया क्योंकि उनकी पुलिस हिरासत की अवधि आज दोपहर खत्म हो रही थी। अदालत ने उनके इस अनुरोध को खारिज कर दिया था कि उन्हें जेल में सभी विशेषाधिकार मिलने चाहिए क्योंकि इतालवी सरकार उन्हें अभी तक सैन्य अधिकारी मानती है। मजिस्ट्रेट ने कहा कि भारतीय कानून में इस प्रकार के विशेष अधिकार का कोई प्रावधान नहीं है।
बहरहाल, अदालत ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें अन्य बंदियों के साथ नहीं रखा जाए और उन्हें चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्हें प्रति दिन पूर्वाह्न 10 बजे से एक बजे के बीच इतालवी मुलाकातियों से मिलने की अनुमति दी जाए।

 

जेल के बाहर उन्हें विशेष आवास मुहैया कराने के उनके अनुरोध पर मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह तय करना अदालत के दायरे में नहीं आता। बहरहाल, अदालत ने कहा कि यदि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कारावास) इसे आवश्यक मानते हैं तो वह राज्य सरकार से विचार विमर्श करके और सुरक्षा पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय कर सकते हैं।

 

अदालत ने अभियोजन पक्ष के इस अनुरोध को मंजूरी प्रदान कर दी कि वाणिज्यिक नौवहन विभाग के विशेषज्ञों को एनरिका लेक्सी जहाज के इलेक्ट्रानिक उपकरणों की निगरानी करने दी जाए। इसी जहाज से मछुआरों पर उस समय गोली चलाई गई थी जब वे अपनी नौका में सवार होकर मछलियां पकड़ रहे थे। अदालत ने जेल अधिकारियों से कहा कि वह इतालवी बंदियों के लिए हिरासत अवधि के दौरान इतालवी भोजन का प्रबंध करें।

(एजेंसी)

First Published: Monday, March 5, 2012, 21:21

comments powered by Disqus