मणिपुर में 72 अलगाववादियों ने किया सरेंडर

मणिपुर में 72 अलगाववादियों ने किया सरेंडर

इंफाल : राज्य में प्रतिबंधित अलग-अलग अलगाववादी संगठनों के कुल 72 अलगाववादियों ने आज मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह के सामने हथियार डाल दिए। असम राइफल्स के महानिरीक्षक (दक्षिण) मेजर जनरल यूके गुरुंग के शहर के बाहरी मंत्रीपुखरी इलाके में स्थित कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में इन अलगाववादियों ने हथियार डाले।

अलगाववादियों को हथियार डालने के लिए सहमत करने और गुमराह युवकों को मुख्यधारा में लाने के प्रयास के लिए असम राइफल्स की भूमिका की प्रशंसा करते हुए इबोबी सिंह ने आत्मसमर्पण करने वाले युवकों को एक सही फैसला लेने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए शांति अनिवार्य शर्त है।

सरकारी बयान में बताया गया कि आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादियों ने एके 47 और जी 3 राइफलों , कार्बाइनों और पिस्तौलों समेत भारी संख्या में हथियार जमा कराए। ये आतंकवादी प्रतिबंधित युनाइटेड नेशनल लिबरेशन फंट्र , पीपल्स लिबरेशन आर्मी, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी, कांगलेई यावोल कान लुप, पीपल्स रेवोल्यूशनरी पार्टी आफ कांगलीपाक और पीपल्स युनाइटेड लिबरेशन फंट्र के हैं। इससे पहले भी गत 30 अप्रैल को 103 अलगाववादियों ने आत्मसमर्पण किया था। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 20, 2012, 16:06

comments powered by Disqus